व्यापार मंडल ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर अधिकारियों को सौंपा 11 सूत्रीय ज्ञापन, समाधान का मिला आश्वासन
लखनऊ संवाददाता।
उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मण्डल द्वारा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर लगातार प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। इसी क्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने 7 मई 2026 को सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह को समस्याओं से संबंधित पत्र सौंपा। इसके बाद 8 मई को एसडीएम सरोजनीनगर अंकित शुक्ला तथा 10 मई को थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना प्रभारी सरोजनीनगर राज देव प्रजापति को भी ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन के संदर्भ में प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा से मुलाकात की। वार्ता के दौरान एसीपी ने संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इसके बाद ज़ोन-5 के ज़ोनल अधिकारी विनीत सिंह तथा ज़ोन-8 के ज़ोनल अधिकारी विकास सिंह को उनके कार्यालयों में ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने से पूर्व व्यापारियों को सूचना देने की मांग रखी, जिस पर अधिकारियों ने सहमति जताते हुए भविष्य में बिना सूचना अभियान न चलाने का भरोसा दिया।
बैठक में सर्विस रोड, नाले की समस्या, बंद किए गए शांति नगर कट, पटरी दुकानदारों की व्यवस्था तथा पार्किंग की समस्या प्रमुख रूप से उठाई गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 21 मई 2026 से पूर्व सक्षम अधिकारियों की संयुक्त बैठक कर सभी मुद्दों पर निर्णय लिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नकुल प्रकाश वर्मा से भी वार्ता कर शांति नगर में प्रस्तावित फुटओवर ब्रिज पर एस्केलेटर लगाने की मांग की, ताकि बुजुर्गों, बीमारों और बच्चों को आवागमन में सुविधा मिल सके। उन्होंने बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
संगठन ने बताया कि क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर जल्द ही लखनऊ जिला प्रशासन के जिलाधिकारी तथा लखनऊ नगर निगम के नगर आयुक्त को भी ज्ञापन सौंपकर वार्ता की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने सभी अधिकारियों द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिए जाने पर संगठन की ओर से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा प्रभारी जितेंद्र कुमार हजेला, जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र सिंह, नादरगंज व्यापार मंडल मंत्री सोमेश यादव, संगठन मंत्री सरदार हरजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।