तेज आंधी-तूफान में मकान ढहा, मलबे में दबे पांच लोग; महिला की मौत, चार घायल
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
तेज तूफानी आंधी के चलते हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बमरौली गांव में एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद पांच लोग मलबे में दब गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार आंधी के दौरान अचानक मकान गिरने से शिवांश (8) पुत्र यशराज निवासी खैराहा थाना अशोथर, सिया कली (55) पत्नी दुर्योधन निवासी बमरौली थाना हुसैनगंज, कल्पना देवी (25) पत्नी धीरज कुमार निवासी बमरौली, श्रीदेवी पत्नी यशराज निवासी खैराहा थाना अशोथर तथा अनारकली (40) पत्नी चंद्रपाल निवासी पांभीपुर थाना खागा मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकाला गया। बाद में एम्बुलेंस की मदद से सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने सिया कली को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासनिक टीम द्वारा मौके की जानकारी जुटाई जा रही है।