logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भावनगर मंडल के सतर्क लोको पायलट ने 6 सिंहों के झुंड को ट्रेन की चपेट में आने से बचाया

भावनगर मंडल के सतर्क लोको पायलट ने 6 सिंहों के झुंड को ट्रेन की चपेट में आने से बचाया

पश्चिम रेलवे के भावनगर रेलवे मंडल द्वारा एशियाई सिंहों एवं अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। मंडल प्रशासन के निर्देशानुसार लोको पायलट निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए अत्यंत सतर्कता के साथ ट्रेनों का संचालन कर रहे हैं। लोको पायलटों की सजगता तथा वन विभाग के फॉरेस्ट ट्रैकरों के साथ समन्वित कार्यवाही के परिणामस्वरूप वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 159, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 129 तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल माह से अब तक 11 सिंहों को सुरक्षित बचाया जा चुका है।
भावनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अतुल कुमार त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 12 मई 2026 (मंगलवार) को लोको पायलट श्री रमेश पी. (मुख्यालय-जूनागढ़) तथा सहायक लोको पायलट श्री चिंतन कुमार (मुख्यालय-जूनागढ़) ट्रेन संख्या 52946 जूनागढ़वेरावल पैसेंजर का संचालन कर रहे थे। इस दौरान जूनागढ़विसावदर रेलखंड में किलोमीटर संख्या 05/01 के निकट रेलवे ट्रैक पर अचानक 6 सिंहों का एक झुंड पटरी पार करता दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तत्काल सूझबूझ एवं तत्परता का परिचय देते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को सुरक्षित रूप से रोक दिया, जिससे सभी सिंह संभावित दुर्घटना से बच गए।
इसके पश्चात लोको पायलट द्वारा ट्रेन मैनेजर (गार्ड) श्री ललन कुमार (मुख्यालय-जूनागढ़) को तत्काल सूचना दी गई। वन विभाग के फॉरेस्ट ट्रैकर ने मौके पर पहुंचकर सभी सिंहों को सुरक्षित रूप से रेलवे ट्रैक से हटाया। स्थिति सामान्य होने के उपरांत लोको पायलट को ट्रेन के पुनः प्रस्थान की अनुमति प्रदान की गई तथा ट्रेन को सावधानीपूर्वक गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
इस घटना की जानकारी प्राप्त होने पर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री ऋत्विक शर्मा सहित मंडल के अन्य अधिकारियों ने लोको पायलटों की सतर्कता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
भावनगर मंडल वन्यजीव संरक्षण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा रेलवे एवं वन विभाग के समन्वित प्रयासों से एशियाई सिंहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

1
77 views

Comment