सगाई की रस्मों और बोर्ड परीक्षा के बीच फरहीन जहां ने हासिल किए 78% अंक
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)
मेहनत, लगन और आत्मविश्वास की मिसाल पेश करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी हाजी खालिद मलिक की बेटी फरहीन जहां ने सीबीएसई बोर्ड की 12वीं परीक्षा में 78 प्रतिशत अंक प्राप्त कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। फरहीन ने अपनी शिक्षा सेंट जोसेफ स्कूल से पूरी की है। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
खास बात यह रही कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान फरहीन जहां की सगाई और शादी की रस्में भी चल रही थीं। पारिवारिक जिम्मेदारियों और व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई पर पूरा फोकस बनाए रखा और शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की।
परिवारजनों के अनुसार फरहीन शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और पढ़ाई के प्रति समर्पित रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
फरहीन जहां की सफलता उन छात्राओं के लिए प्रेरणा है जो परिस्थितियों के बीच भी अपने सपनों को पूरा करने का हौसला रखती हैं।