बरगी पंचायत में अधूरा भवन और भ्रष्टाचार के आरोप
बरगी: जबलपुर जनपद की बरगी पंचायत में पांच वर्षों से अधूरा पंचायत भवन खंडहर में तब्दील हो गया है। सरपंच और सचिव द्वारा भवन के अधूरे कार्य को पूरा करने में कोई पहल नहीं की गई है। लोग इस अधूरे भवन में अवैध रूप से अपने वाहन पार्क करते हैं और मवेशियों को बांधते हैं। वर्तमान में पंचायत कार्यालय बस्ती से लगभग 2 किलोमीटर दूर संचालित हो रहा है, जिससे लोगों को अपने कामकाज में असुविधा हो रही है। पंचायत की साफ-सफाई एवं नालियों की उचित व्यवस्था भी नहीं की जा रही है, जिसके कारण नालियां ओवरफ्लो हो रही हैं।
बरगी पंचायत पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगे हैं। पंचायत द्वारा बनाए गए सीसी रोड घटिया निर्माण सामग्री से बनाए गए हैं, जो दो महीने में ही उखड़ गए। शंकर मंदिर मढिया रोड और अन्य कई सड़कें भी जल्दी खराब हो गई हैं। इन निर्माणों में सरपंच, सचिव और पंचायत इंजीनियर की मिलीभगत का संदेह है, जिन्होंने घटिया निर्माण सामग्री के बावजूद निर्माण को मंजूरी दी। एसडीओ रामराज डांगी ने बताया कि पंचायत भवन का कार्य इस सप्ताह शुरू होगा और उखड़ती सड़कें जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।