logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

दुकानदार से कैश छीनने के मामलें में एक स्नैचर काबू, वारदात में प्रयोग बाइक बरामद, आरोपी 2 दिन के पुलिस रिमांड पर

पंचकूला/ 12 मई:- पंचकूला पुलिस ने सेक्टर-14 क्षेत्र में हुई छीना-झपटी की वारदात में गिरफ्तार आरोपी को 11 मई को कोर्ट में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। वारदात को अंजाम देकर फरार होने की कोशिश कर रहे दो युवकों में से एक आरोपी को पुलिस ने लोगों के सहयोग से मौके पर ही काबू कर लिया, जबकि उसका साथी नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। मामले में फरार सह आरोपी की गिरफ्तारी और छीनी गई रकम की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना सेक्टर-14 पंचकूला में 10 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 304 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। ढ़कौली निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परशुराम चौक के पास खोखा चलाता है। 10 मई को वह काम खत्म करने के बाद ठेके के पास बाल कटवा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक माचिस मांगने के बहाने उसके पास आया और मौका पाकर उसकी पिछली जेब से करीब 2 हजार रुपये निकालकर भागने लगा।

शिकायतकर्ता के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार होने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन जल्दबाजी में संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए। इसी दौरान वहां मौजूद पुलिस टीम और स्थानीय लोगों की सहायता से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी नकदी लेकर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी को थाना सेक्टर-14 पुलिस थाना लाया गया, जहां शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच क्राइम ब्रांच सैक्टर-19 को सौंपी गई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान रवि निवासी रामदरबार चंडीगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है।

एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज: हमारी जांच में सामने आया कि आरोपी के साथ उसका साथी भी वारदात में शामिल था। आरोपी रवि को 10/11 मई की देर रात विधि अनुसार गिरफ्तार कर 11 मई को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान फरार सह आरोपी की गिरफ्तारी तथा छीने गए 2 हजार रुपये की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

0
35 views

Comment