धोरैया धोबिया बेलडिहा में 151 कलश यात्रा, 9 दिवसीय राम कथा शिव कथा संपन्न
बांका जिला के धोरैया प्रखंड अंतर्गत धोबिया बेलडिहा गांव में श्री श्री 108 राम कथा एवं शिव कथा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ 3 मई 2026 को सुबह 8 बजे 151 कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में कुमारी कन्याएं, माताएं, बहनें और बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे, बाजा-गाजा और भगवान राम-सीता की आकर्षक झांकी यात्रा का मुख्य आकर्षण रही। यात्रा धोबिया गांव से बसबिट्टा होते हुए गेरुआ नदी पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच जल भरनी संपन्न हुई।
जल भरने के बाद श्रद्धालु पुनः कथा स्थल पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई। हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
उसी दिन रात्रि 9 बजे से 11 बजे तक कथा का प्रथम सत्र आरंभ हुआ। इसके बाद लगातार 9 दिनों तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक और रात्रि 9 बजे से 11 बजे तक राम कथा एवं शिव कथा का आयोजन हुआ। श्रद्धालु पूरे मनोयोग से कथा श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद में लीन रहे।
कथा वाचन रामदास जी महाराज द्वारा किया गया। वहीं आयोजन को सफल बनाने में आचार्य विपिन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के अंतिम दिन हवन कुंड में कुमारी कन्याओं, माताओं और बहनों ने सामूहिक हवन में भाग लिया। पूर्णाहुति के साथ आयोजन का समापन हुआ। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा गांव गूंज उठा।