logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

एटा पुलिस की खुली नाकामी: दिनदहाड़े बाइक लूट के 2 महीने बाद भी खाली हाथ पुलिस, अपराधियों के आगे सिस्टम बेबस

एटा पुलिस की खुली नाकामी: दिनदहाड़े बाइक लूट के 2 महीने बाद भी खाली हाथ पुलिस, अपराधियों के आगे सिस्टम बेबस

मुड़समा गांव में हुई थी स्प्लेंडर बाइक लूट, एफआईआर के बावजूद न गिरफ्तारी हुई न बरामदगी

एटा 12 मई 2026 जनपद एटा के थाना सकरौली क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई बाइक लूट की घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि घटना को पूरे दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक न तो लुटेरों तक पहुंच सकी है और न ही पीड़ित की बाइक बरामद कर पाई है।

जानकारी के अनुसार, थाना सकरौली क्षेत्र के गांव मुड़समा निवासी प्रशांत कुमार पुत्र प्रमोद कुमार 12 मार्च की दोपहर अपने खेत की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से आए दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP 82 AA 1866 लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े खुलेआम हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी।

पीड़ित ने घटना के तुरंत बाद थाना सकरौली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद पुलिस की कार्रवाई सिर्फ कागजी खानापूर्ति तक सीमित रह गई। दो माह बाद भी मामले में कोई ठोस सफलता नहीं मिलने से पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

पीड़ित प्रशांत कुमार का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। उनकी मेहनत की कमाई से खरीदी गई बाइक अब तक नहीं मिली और अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।

वहीं थाना प्रभारी नित्यानंद पांडे का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जल्द कार्रवाई का दावा पिछले दो महीनों से लगातार सुनने को मिल रहा है, लेकिन जमीन पर कोई परिणाम नजर नहीं आ रहा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक लूट और चोरी की घटनाओं पर पुलिस प्रभावी अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है। अपराधियों में पुलिस का भय खत्म होता दिखाई दे रहा है, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

यह घटना सिर्फ एक बाइक लूट का मामला नहीं, बल्कि जिले की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और पुलिस की निष्क्रियता की तस्वीर भी पेश करती है। अब देखने वाली बात होगी कि एटा पुलिस कब तक इस मामले का खुलासा कर पाती है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

1
601 views

Comment