logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जोखेपुर छोटी नहर के ओवरफ्लो से किसानों की फसलें बर्बाद, पीड़ित किसानों ने एसडीएम गोला को सौंपा प्रार्थना पत्र

संवाददाता : आकाश सिंह (Aima Kheri)विकास खण्ड बांकेगंज क्षेत्र के जोखेपुर से निकली छोटी नहर का पानी ओवरफ्लो होने से ग्राम भीखमपुर व बोझिया के किसानों की फसलें जलमग्न होकर पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। लगातार खेतों में पानी भरने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। समस्या से परेशान दर्जनों किसानों ने गोला गोकर्णनाथ पहुंचकर एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपकर तत्काल राहत दिलाने की मांग की।
पीड़ित किसानों ने बताया कि छोटी नहर कई दिनों से ओवरफ्लो चल रही है, जिससे आसपास के खेतों में पानी भर गया है। खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूबकर खराब हो चुकी हैं। किसानों का कहना है कि समय रहते नहर विभाग द्वारा उचित व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण उनकी मेहनत और लागत दोनों बर्बाद हो गई।
किसानों ने प्रशासन से मांग की कि नहर के ओवरफ्लो की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए तथा प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाया जाए। किसानों का आरोप है कि हर वर्ष इस प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।
एसडीएम गोला ने किसानों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर गांव भीखमपुर निवासी किसान राजाराम शाक्य, रामआसरे भार्गव, जगदीश प्रसाद, त्रिभुवन कुमार, इंद्रजीत, तोताराम राठौर, राकेश कुमार कश्यप, आकाश सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

22
1206 views

Comment