बीजापुर: गंगालूर के जंगलों में माओवादियों का बंकर ध्वस्त, भारी मात्रा में विस्फोटक और मशीनें बरामद
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के जिला बीजापुर में सुरक्षाबलों को माओवाद विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना गंगालूर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डोडीतुमनार की पहाड़ियों में पुलिस ने नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर बनाए गए एक गुप्त बंकर का भंडाफोड़ किया है।
सर्च ऑपरेशन और बरामदगी:
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया था। सुरक्षा जांच और डिमाइनिंग के बाद बंकर से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री जब्त की गई, जिसमें शामिल हैं:
हथियार: 01 देशी बीजीएल लांचर और 29 बीजीएल सेल।
तकनीकी उपकरण: 02 जनरेटर (होंडा), 02 लेथ मशीन, वेल्डिंग मशीन, ड्रिल मशीन और मोटर।
बिजली आपूर्ति: 08 सोलर प्लेट, 01 इन्वर्टर और 05 बैटरियां।
अन्य: 50 मीटर कॉर्डेक्स वायर और प्लास्टिक ड्रम।
पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि माओवादी इस दुर्गम क्षेत्र का उपयोग हथियारों के निर्माण और तकनीकी कार्यशाला के रूप में कर रहे थे। फिलहाल, पुलिस ने सभी सामग्रियों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।