एटा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के पास चलती हाइटेंशन विद्युत लाइन से चोरों ने ट्रांसफार्मर चुरा लिया...
एटा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के पास चलती हाइटेंशन विद्युत लाइन से चोरों ने ट्रांसफार्मर चुरा लिया। इस वारदात में चोरों ने ट्रांसफार्मर से महंगा कॉपर भी निकाल लिया। यह घटना शनिवार देर रात की है।
रविवार सुबह इलाके की बिजली गुल होने पर स्थानीय लोगों ने शिकायत की। विद्युत कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो ट्रांसफार्मर की खाली बॉडी झाड़ियों में पड़ी मिली। तत्काल कोतवाली नगर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की भी फुटेज खंगाल रही है। विद्युत विभाग के जेई विशाल गिरी की लिखित शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
विद्युत विभाग के यूपीएसआईडीसी विद्युत उपकेंद्र के जेई विशाल गिरी ने बताया कि देर रात हाइटेंशन लाइन में खराबी का मैसेज कंट्रोल रूम को मिला था। कुछ समय बाद जब दोबारा सप्लाई छोड़ी गई तो लाइन शुरू हो गई। चोरी की वारदात का पता सुबह चला।
इस घटना से विद्युत विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
कोतवाली नगर के थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला संज्ञान में है और जल्द ही इस प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।