logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सोशल मीडिया पर MD ड्रग्स बेचने की फर्जी रील्स डालने वाला युवक गिरफ्तार

जालोर/सांचौर(दलपतसिंह भायल) जालौर पुलिस की सांचौर पुलिस ने सोशल मीडिया पर एमडी (ड्रग्स) की ऑल इंडिया डिलीवरी और होलसेल सप्लाई का झूठा प्रचार करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी रील्स डालकर व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने का प्रयास कर रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आवडदान रतनू के निर्देशन तथा वृताधिकारी श्री जयराम मुण्डेल के निकटतम सुपरविजन में पुलिस थाना सांचौर के थानाधिकारी श्री नेमाराम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें भारी मात्रा में ड्रग्स दिखाते हुए खरीद के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया था। इन वीडियो के कारण समाज में कानून व्यवस्था को लेकर भ्रम और चिंता की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांचौर पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से विशेष जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में आरोपी को दस्तयाब कर लिया। पुलिस द्वारा संबंधित फर्जी इंस्टाग्राम आईडी को बंद करवाने के लिए मेटा (Instagram) से भी संपर्क किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान घेवाराम पुत्र जयकिशन विश्नोई, उम्र 23 वर्ष, निवासी करवाडा, थाना करडा, जिला जालोर के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के पास किसी प्रकार का ड्रग्स नहीं था। वह पहले एक फोटो स्टूडियो में कार्य करता था और उसे वीडियो एडिटिंग का अच्छा ज्ञान था। इंस्टाग्राम पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए उसने यूट्यूब से पुराने ड्रग्स संबंधी वीडियो डाउनलोड किए और एआई व एडिटिंग सॉफ्टवेयर की मदद से उन पर अपना मोबाइल नंबर डालकर रील्स के रूप में पोस्ट कर दिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी श्री नेमाराम, पुनमाराम, बगदाराम, अशोक कुमार, दिनेश कुमार तथा डीसीआरबी जालोर के किशन गहलोत शामिल रहे।

16
927 views

Comment