logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रिश्वतखोर ASI गिरफ्तार : 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB की टीम ने ढाबे में दबोचा

छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आज एसीबी की टीम ने सक्ती जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस एन मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिसकर्मी एक मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के बदले रिश्वत मांग रहा था।

कार्रवाई से बचाने ASI ने मांगी 40 हजार रुपये रिश्वत
जानकारी के अनुसार, ग्राम बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम बालपुर की सरस्वती जायसवाल ने उसके और उसके परिवार के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट थाना चंद्रपुर में दर्ज कराई थी। मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के लिए ASI एस एन मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

ASI पहले ले चुका था 20 हजार रुपये
प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने के लिए एसीबी से शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के दौरान मामला सही पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ASI पहले ही 20 हजार रुपये की एक किश्त ले चुका था, जबकि शेष 20 हजार रुपये लेना बाकी था।

ढाबे में एसीबी ने रिश्वतखोर ASI को किया गिरफ्तार
इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। शनिवार 10 मई 2026 को प्रार्थी ने आरोपी ASI को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में बाकी रकम लेने के लिए बुलाया। जैसे ही आरोपी ने 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी बिलासपुर की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत की रकम बरामद कर ली।

पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध लगातार रिश्वतखोरी किए जाने की जानकारी मुखबिर सूत्रों से भी एसीबी को प्राप्त हो रही थी। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत एसीबी द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

4
575 views

Comment