मीरजापुर में अपराधियों पर शिकंजा कसने के निर्देश, SP ने की मासिक समीक्षा बैठक
अपर्णा रजत कौशिक ने शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में जनपदीय पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित विवेचनाओं, महिला अपराधों, माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई और कानून व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।
SP ने कहा कि लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए और IGRS शिकायतों को गंभीरता से लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही वांछित एवं इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान चलाकर करने के निर्देश दिए। शराब, भू, वन और खनन माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया गया।
महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो टीमों को गांवों, स्कूलों और कॉलेजों में जनचौपाल लगाकर महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों और साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
वहीं ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पॉक्सो और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक दोषियों को सजा दिलाने और मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में थानों पर आने वाले पीड़ितों से संवेदनशील व्यवहार, नियमित फुट पेट्रोलिंग, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, गुमशुदगी मामलों में तत्काल FIR दर्ज करने, चरित्र सत्यापन और सम्मन-वारंट की समयबद्ध तामिला के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा रिक्रूट आरक्षियों के व्यवस्थापन और व्यावहारिक प्रशिक्षण की समीक्षा भी की गई।
बैठक में SP ऑपरेशन, ASP नगर, सभी क्षेत्राधिकारी, निरीक्षक फायर सर्विस, प्रतिसार निरीक्षक सहित सभी थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।