राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप की जयंती पर जिलाधिकारी ने अर्पित की पुष्पांजलि...
राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप की जयंती पर जिलाधिकारी ने अर्पित की पुष्पांजलि
रक्तदान शिविर का शुभारंभ कर युवाओं को किया प्रेरित, विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित !
एटा, राष्ट्रनायक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की जन्म जयंती के अवसर पर शहीद चौक स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पंकज गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं के लिए आयोजित वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिलाधिकारी द्वारा प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रनायकों का अमूल्य बलिदान एवं त्याग देश की शौर्यगाथा का अमर अध्याय है। महाराणा प्रताप ऐसे महान राष्ट्रनायक थे, जिन्होंने अपने त्याग, बलिदान एवं वीरता से देश और समाज का गौरव बढ़ाया। उनके अविस्मरणीय योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती पर उन्हें स्मरण करना तथा उनकी स्मृतियों को जीवन्त बनाए रखना समाज के लिए प्रेरणादायी प्रयास है।
इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा मेडिकल कॉलेज स्थित ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय हैं। रक्तदान महादान है और प्रत्येक व्यक्ति को आत्मप्रेरित होकर इस पुनीत कार्य में सहभागिता करनी चाहिए।
इस अवसर पर लायंस क्लब के प्रतिनिधि एवं कार्यक्रम आयोजक गजेन्द्र चौहान बबलू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।