भाभी के मुकदमे से परेशान युवक टावर पर चढ़ा, दो घंटे बाद पुलिस ने उतारा
शाहजहांपुर।
चौक कोतवाली क्षेत्र के चांदापुर रोड पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी भाभी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे से परेशान होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने भाभी पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा वापस लेने और दूसरी जगह शादी कराने की मांग की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव देवकली निवासी कौशल पर उसकी भाभी ने करीब एक सप्ताह पहले शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस इस मामले में उसकी तलाश कर रही थी।
बताया जा रहा है कि कौशल के बड़े भाई की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद उसका अपनी भाभी से प्रेम प्रसंग हो गया था। इसी बीच परिवार वालों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। शुक्रवार रात शादी की तैयारियों के दौरान भाभी के पहुंचकर विरोध करने से विवाह नहीं हो सका।
शनिवार सुबह कौशल मोबाइल टावर पर चढ़ गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर चौक कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस को भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया और कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे नीचे उतारा।
सेहरामऊ दक्षिणी थाना प्रभारी उमेश मिश्रा ने बताया कि युवक की भाभी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। टावर से नीचे उतारने के बाद उसे थाने लाया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं चौक कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि युवक उनके थाना क्षेत्र में टावर पर चढ़ा था, जिसे बाद में सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस अपने साथ ले गई।