logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

प्रशासनिक सेवाओं को हाईटेक बनाने की दिशा में डीएम सविन बंसल की बड़ी पहल, देहरादून एनआईसी का हुआ आधुनिक कायाकल्प

राजधानी देहरादून में डिजिटल गवर्नेंस को नई ऊंचाई देने और प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) के नव-नवीनीकृत कार्यालय का लोकार्पण किया। जिलाधिकारी की विशेष रुचि और प्रयासों के फलस्वरूप आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित इस परिसर को पूरी तरह हाईटेक लुक दिया गया है, ताकि डिजिटल सेवाओं की रफ्तार को और तेज किया जा सके।

कार्यालय के सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यकरण के तहत जिला सूचना विज्ञान अधिकारी से लेकर ऑपरेटर स्तर तक के कर्मचारियों के लिए 'स्मार्ट वर्कस्पेस' तैयार किया गया है। अत्याधुनिक तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होने से अब ई-गवर्नेंस की चुनौतियों को निपटाने में न केवल आसानी होगी, बल्कि डेटा प्रोसेसिंग और तकनीकी कार्यों की गुणवत्ता में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
परिसर का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि वर्तमान दौर में एनआईसी शासन और प्रशासन के बीच की सबसे मजबूत डिजिटल रीढ़ है। उन्होंने कहा कि कार्यालय को आधुनिक बनाने का मुख्य ध्येय सरकारी योजनाओं और सूचनाओं का लाभ आम जनता तक बिना किसी बाधा के पहुंचाना है। डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे अति-संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्यों के सटीक संचालन में यह नया तकनीकी ढांचा अत्यंत निर्णायक भूमिका निभाएगा।

इस दौरान एनआईसी के तकनीकी अधिकारियों ने डीएम और सीडीओ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यस्थल पर मिली इन विश्वस्तरीय सुविधाओं से टीम का मनोबल बढ़ा है। अधिकारियों के मुताबिक, अब सरकारी सेवाएं अधिक सुगमता और पारदर्शिता के साथ 'क्लिक' पर उपलब्ध होंगी, जिससे आम नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम सदर कुमकुम जोशी सहित एनआईसी राज्य इकाई के प्रमुख (उप महानिदेशक) अरविंद कुमार दाधीचि, अपर राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी राजीव जोशी, वरिष्ठ निदेशक आईटी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डे और अन्य वरिष्ठ विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

10
418 views

Comment