गहरे गड्ढे में पलटने से बाल-बाल बची रोडवेज बस, बड़ा हादसा टला
रिपोर्ट: प्रदीप सिंह, महराजगंज
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ठूठीबारी कस्बे का बस स्टैंड एक बार फिर अपनी बदहाल व्यवस्था को लेकर चर्चा में है। शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब महाराजगंज डिपो की एक सरकारी रोडवेज बस गहरे गड्ढे में पलटने से बाल-बाल बच गई। स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक संभावित दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे महाराजगंज डिपो की रोडवेज बस संख्या UP 78 JN 6973 गोरखपुर के लिए रवाना होने की तैयारी में थी। बस जैसे ही ठूठीबारी बस स्टैंड परिसर से आगे बढ़ी, वह परिसर में बने बड़े और गहरे गड्ढे की ओर झुकने लगी। यह देख मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाकर चालक को सतर्क किया, जिसके बाद चालक ने बस रोक दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि कुछ सेकेंड की भी देरी होती तो बस असंतुलित होकर गड्ढे में पलट सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। उस समय बस में यात्री भी सवार थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
घटना के बाद बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोग बस को सुरक्षित निकालने के लिए मौके पर जुट गए। लोगों ने धक्का लगाकर बस को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सड़क की जर्जर हालत और कीचड़ से भरे गड्ढों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। समाचार लिखे जाने तक बस उसी स्थान पर फंसी हुई थी।
स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि आए दिन यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।