धोरैया में पंचायत स्तर पर लगेगा समाधान शिविर, 19 मई से हर माह दो बार होगी सुनवाई
धोरैया (बांका): आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निपटारे को लेकर धोरैया प्रखंड प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ अरविंद कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर पंचायत स्तर पर सहयोग एवं समाधान शिविर चलाने की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 19 मई से प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायतों में विशेष शिविर लगाया जाएगा, जहां ग्रामीण अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और मौके पर ही समाधान का प्रयास किया जाएगा।
बीडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता को प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत देना है, ताकि उनकी समस्याओं का निपटारा पंचायत स्तर पर ही हो सके। पहला शिविर 19 मई को बटसार पंचायत (प्रथम पाली) और घसिया पंचायत भवन में आयोजित किया जाएगा।
इसके लिए 11 मई से पंचायत सरकार भवनों में आवेदन कैंप शुरू किया जाएगा। इन कैंपों में लोग अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा कर सकेंगे, ताकि शिविर के दिन संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई कर सके।
इन शिविरों में प्रखंड, पंचायत, अंचल, स्वास्थ्य, पीएचईडी, बिजली, आपूर्ति, मनरेगा, जीविका, आईसीडीएस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को लिखित रूप में स्वीकार किया जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
प्रशासनिक स्तर पर इन शिविरों की निगरानी जिला और विभागीय अधिकारियों द्वारा भी की जाएगी, जिससे व्यवस्था पारदर्शी और प्रभावी बनी रहे।
बैठक में प्रखंड प्रमुख रंजू देवी, सीओ श्रीनिवास कुमार सिंह, बीपीआरओ अनुपम अनुराग, एमओ मदन मोहन, सीडीपीओ कुमारी हेमा, पीएचईडी जेई निशा सिंह, मनरेगा पीओ सत्येंद्र कुमार, बीसीओ संजीव कुमार, बीएओ देवाशीष Kumar सहित कई अधिकारी मौजूद थे। वहीं जनप्रतिनिधियों में मुखिया अभय कुमार सिंह, अमरेंद्र कुमार, करुणा देवी, रजनीश कुमार, पंचायत समिति सदस्य रामजी पासवान और विकास मित्र राजाराम दास भी शामिल हुए।