logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जगदलपुर*//प्रेस विज्ञप्ति//**डोडरेपाल में सुशासन तिहार के तहत 741.19 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन*

*//प्रेस विज्ञप्ति//*

जगदलपुर!!
ग्राम पंचायत डोडरेपाल में आज आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाले विभिन्न निर्माण एवं जनकल्याणकारी कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद महेश कश्यप एवं विधायक विनायक गोयल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली।

सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस शिविर में कुल 15 गांवों के ग्रामीणों के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया। शिविर में शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना था।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राई साइकिल वितरित की गई, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिल सके। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधों का वितरण किया गया। पात्र परिवारों को राशन कार्ड भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें शासकीय खाद्यान्न योजना का लाभ आसानी से मिल सके। ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी बताया।

इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें मावलीभाटा से पटेलपारा डोडरेपाल तक 3.42 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य के लिए 342.97 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं डिलमिली से पटेलपारा डिलमिली तक 3.35 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य के लिए 380.22 लाख रुपए की लागत से कार्य कराया जाएगा। इन सड़क निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

इसके अलावा आरसीसी पुलिया निर्माण कार्य के अंतर्गत माहरा पारा नरसु घर एवं खोदरा गुड़ा में 1.5 मीटर के दो पुलों के निर्माण हेतु 7.00 लाख रुपए की लागत स्वीकृत की गई है। बस्तर विकास प्राधिकरण के अंतर्गत दंतेश्वरी मंदिर के पास 2 मीटर स्पाम पुलिया निर्माण कार्य के लिए 6.00 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं विधायक निधि से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य हेतु 5.00 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इन सभी विकास कार्यों की कुल लागत 741.19 लाख रुपए है, जिनका भूमिपूजन जनप्रतिनिधियों के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुलिया, सामुदायिक भवन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास हो रहा है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक ग्रामीण तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जाएं और हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिले।

वहीं विधायक विनायक गोयल ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी लगातार कार्य करने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप जी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी जी, जिला पंचायत सदस्य सम्पत्ति नाग जी, जनपद अध्यक्ष मानकदेई कश्यप जी, उपाध्यक्ष हरिप्रसाद कश्यप जी, रितेश दास जोशी जी, मण्डल अध्यक्ष देवीप्रसाद वेंजाम जी, अनंतराम कश्यप जी, महादेव नाग जी, लच्छिन यादव जी, दुर्जन सिंह कश्यप जी, रमेश मण्डावी जी, एवं अन्य जनप्रतिनिधि विभागीय अधिकारी कर्मचारी कार्यकर्ता गण बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लेकर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

8
194 views

Comment