सड़क हादसे में मृतक महिला के घर पहुंच पूर्व केंद्रीय मंत्री ने जताया गहरा शोक
फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के नेवाजपुर गुरूवल गांव में बीते दिनों हुए दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद शोक की लहर के बीच शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री साध्वी निरंजन ज्योति पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। हाल ही में भाजपा सरकार द्वारा उन्हें राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद पहली बार क्षेत्र में पहुंचीं साध्वी निरंजन ज्योति ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पूर्व मंत्री के गांव पहुंचते ही क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। साध्वी निरंजन ज्योति ने मृतका के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा प्रशासन और सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए पीड़ित परिवार को शासन स्तर से मिलने वाली हर सहायता तत्काल उपलब्ध कराने की बात कही।
इस दौरान उन्होंने सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए कहा कि लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाएं कई परिवारों की खुशियां उजाड़ देती हैं। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मौके पर स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना से जुड़ी जानकारी पूर्व मंत्री को दी तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
पूर्व मंत्री के इस संवेदनशील और मानवीय व्यवहार की क्षेत्र में व्यापक चर्चा रही। ग्रामीणों ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनका परिवार के बीच पहुंचना पीड़ित परिजनों के लिए बड़ी सांत्वना और हौसला देने वाला साबित हुआ।