logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 119 ठिकानों पर छापेमारी, 51 मनचले दबोचे गए

हजारीबाग: हजारीबाग शहर के सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी करने और राहगीरों को परेशान करने वाले मनचलों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) अमन कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए गए विशेष 'नाइट डोमिनेशन' अभियान के तहत बीती रात 51 युवकों को हिरासत में लिया गया।

39 टीमों ने एक साथ बोला धावा

एसपी के निर्देश पर 6 और 7 मई की रात को पूरे जिले में एक साथ सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस अभियान के सफल संचालन के लिए 39 विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिसमें 176 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। जिले के सभी डीएसपी और इंस्पेक्टरों ने खुद फील्ड में उतरकर इस कार्रवाई का नेतृत्व किया।

चिन्हित ठिकानों पर सख्त पहरा

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान जिले भर में कुल 119 ठिकानों पर छापेमारी की। ये वे जगहें थीं जहाँ अक्सर असामाजिक तत्वों के जुटने और महिलाओं व राहगीरों को परेशान करने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे और अड्डेबाजी कर रहे 51 युवकों को हिरासत में लेकर थाना पहुँचाया।

"जिले में कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। अड्डेबाजी और मनचलों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।"
अमन कुमार, एसपी, हजारीबाग

हिदायत के बाद पीआर बॉन्ड पर रिहाई

थाना लाए गए सभी 51 युवकों की काउंसलिंग की गई और उन्हें भविष्य में ऐसी गतिविधियों में शामिल न होने की सख्त चेतावनी दी गई। इसके बाद सभी को पीआर बॉन्ड (PR Bond) भरवाकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अगली बार पकड़े जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जनता से सहयोग की अपील

हजारीबाग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है या मनचलों द्वारा परेशानी पैदा की जाती है, तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

0
0 views

Comment