रुदौली विधायक राम चंद्र यादव को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 2012 दंगा मामले में अभियोजन वापसी को मंजूरी
अयोध्या/रुदौली:
रुदौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक राम चंद्र यादव को वर्ष 2012 के चर्चित मूर्ति विसर्जन दंगा मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार द्वारा अभियोजन वापस लेने की अनुमति प्रदान करते हुए उनके खिलाफ चल रही कार्यवाही को समाप्त करने का रास्ता साफ कर दिया है।
इसके साथ ही हाईकोर्ट ने निचली अदालत के उस आदेश को भी निरस्त कर दिया, जिसमें अभियोजन वापसी की याचिका को खारिज कर दिया गया था। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि लोक अभियोजक द्वारा दाखिल किया गया आवेदन उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों के आधार पर सद्भावना में प्रस्तुत किया गया था।
बताया जाता है कि यह मामला वर्ष 2012 में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए विवाद, हंगामे और यातायात जाम से जुड़ा था। घटना के बाद कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें विधायक राम चंद्र यादव का नाम भी शामिल था।
हाईकोर्ट के इस फैसले को विधायक के लिए बड़ी कानूनी और राजनीतिक राहत माना जा रहा है। फैसले के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस निर्णय को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं