logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

वृन्दावन योजना में दबंगों का तांडव: विरोध करने पर युवक का सिर फोड़ा, वाहन छोड़कर भागे आरोपी

इनसेप्शन डेली न्यूज़/ID News
ब्यूरो चीफ: संदीप शास्त्री

लखनऊ। राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-6C, गोपेश्वर मंदिर तिराहा, वृन्दावन योजना में बुधवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लग्जरी चारपहिया वाहनों से पहुंचे करीब एक दर्जन युवकों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। विरोध करने पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसका सिर फोड़ दिया गया। घटना के बाद आरोपी स्कॉर्पियो और थार वाहनों से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क पर आड़े-तिरछे वाहन खड़े कर पार्टी कर रहे थे, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। इसी दौरान क्षेत्र निवासी शिव मिश्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध बढ़ने पर दबंग युवकों ने शिव मिश्रा को घेरकर बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मारपीट और हंगामे की आवाज सुनकर कॉलोनीवासी मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकले। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक कार और दो बाइक कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दीं। घायल शिव मिश्रा को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कल्ली पश्चिम क्षेत्र का रहने वाला बाबा नामक युवक अपने गैंग के साथ इलाके में लंबे समय से दबंगई करता आ रहा है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी इसी समूह ने मंदिर परिसर में एक नाबालिग बच्चे की बेरहमी से पिटाई कर उसे लहूलुहान कर दिया था। उस मामले में शिकायत थाने तक पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था।
पुलिस के मुताबिक, शिव मिश्रा पुत्र धर्मेंद्र मिश्रा निवासी सेक्टर-6 वृन्दावन योजना के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मौके से बरामद वाहनों को हिरासत में लिया गया है।

11
932 views

Comment