छपरा में भीषण सड़क हादसा: ऑर्केस्ट्रा की दो महिला कलाकार समेत 4 की दर्दनाक मौत, 6 घायल
न्यूज:
बिहार के छपरा शहर से सटे एनएच-19 (हाजीपुर-गाजीपुर मार्ग) पर बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। डॉ. पीएन सिंह डिग्री कॉलेज के पास हुई इस दुर्घटना में ऑर्केस्ट्रा से जुड़ी दो महिला कलाकारों सहित चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की मुस्कान ऑर्केस्ट्रा टीम छोटा ब्रह्मपुर (बिहार) में एक शादी समारोह में प्रस्तुति देने जा रही थी। सुबह करीब 5:30 बजे उनकी पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे हादसा बेहद भयावह हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ शवों के अंग सड़क पर बिखरे पड़े थे, जिससे माहौल बेहद भयावह हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भगवान बाजार थाना की डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सारण के पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
मृतकों की पहचान राहुल (बलिया), अवधेश और सोनी (हरदोई), तथा प्रीति (उन्नाव) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में दिलीप (बलिया), शिवम यादव (हरदोई), श्यामवीर और संगीता (एटा), तथा मनोज कुमार (उन्नाव) शामिल हैं।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।