नजीबाबाद में चोरी का पर्दाफाश : घर में घुसकर काटी वायरिंग, अब सलाखों के पीछे
नजीबाबाद में घर के अंदर घुसकर बिजली की वायरिंग चोरी करने वाले शातिर चोर को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। करीब एक महीने पहले हुई इस घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कटा हुआ बिजली का तार भी बरामद किया है। कार्रवाई से क्षेत्र में राहत की भावना है।
गुरु नानक कॉलोनी (दरियापुर) निवासी बलजिंदर कौर ने 5 अप्रैल को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर घर में घुसकर बिजली की वायरिंग काटकर ले गए थे।
आरोपी ने सुनसान मौका देखकर घर में प्रवेश किया और बिजली की फिटिंग की वायरिंग काटकर चोरी कर ली। इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी तसव्वर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक के कट्टे में लगभग 4 किलोग्राम कटा हुआ बिजली का तार बरामद किया गया, जो चोरी का ही बताया जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई को उपनिरीक्षक नरेंद्र शर्मा, कांस्टेबल विवेक और कांस्टेबल शादाब की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।