छत्तीसगढ़ में सब ऑडिटर के 69 पदों पर भर्ती, 22 मई आवेदन की अंतिम तिथि
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (सीजी व्यापम), रायपुर ने कार्यालय आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक, सहकारी संस्थाएं, छत्तीसगढ़ के अंतर्गत सब ऑडिटर (उप अंकेक्षक) के 69 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इन पदों में अनारक्षित (यूआर) के 29, अनुसूचित जाति (एससी) के 8, अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 22 और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 10 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) सहित अन्य चरण शामिल रहेंगे।
सीजी व्यापम द्वारा लिखित परीक्षा 7 जुलाई (रविवार) को आयोजित किए जाने की संभावना है। यह परीक्षा राज्य के पांच संभागीय मुख्यालयों अम्बिकापुर (सरगुजा), बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर (बस्तर) और रायपुरमें आयोजित होगी। परीक्षा का समय सुबह 10:00 बजे से 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) संभावित रूप से 25 जून को व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा, क्योंकि सुबह 09:30 बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 350 रुपए, ओबीसी वर्ग के लिए 250 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपए निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 मई शाम 05:00 बजे तक निर्धारित की गई है। जिन अभ्यर्थियों से आवेदन के दौरान कोई त्रुटि हो जाती है, उनके लिए सुधार विंडो 23 मई से 25 मई शाम 05:00 बजे तक खुली रहेगी।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।