मुरादाबाद : बिलारी ब्लॉक में गन्ने के खेत में मिले तेंदुए के 3 नवजात शावक। घटना से इलाके के खेत में काम करने वालों में डर का माहौल।
मुरादाबाद जिले के बिलारी ब्लॉक स्थित गांव तुरखेड़ा में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गन्ने के खेत में काम कर रहे मजदूरों को तेंदुए के तीन नवजात शावक दिखाई दिए। दोपहर करीब 2:30 बजे हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। खेत में काम कर रहे मजदूरों ने जैसे ही छोटे-छोटे शावकों को देखा, उन्होंने तुरंत काम रोक दिया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।इन शावकों की उम्र महज 3 से 4 दिन बताई जा रही है, जिससे यह साफ है कि मादा तेंदुआ हाल ही में यहां आई होगी और बच्चों को सुरक्षित जगह पर छोड़ गई होगी।
घटना को मालिक ने तुरंत वन विभाग को अवगत कराया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। टीम में वन दरोगा रामचरण सिंह, वनरक्षक अर्जुन सिंह और चौकीदार मुनेश कुमार शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और शावकों की सुरक्षा के लिए निगरानी शुरू कर दी है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शावकों के पास जाने से बचें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि शावकों की मां आसपास ही हो सकती है, जो किसी भी समय आ सकती है और खतरा पैदा कर सकती है। विभाग ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया है कि यदि जरूरत पड़ी तो शावकों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की कार्रवाई की जा सकती है, हालांकि फिलहाल उन्हें उनकी मां के पास ही सुरक्षित रखने की रणनीति अपनाई जा रही है।