logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ईवीएम पर सवाल हार की हताशा, जनादेश का अपमान पंचायत चुनाव से पहले बहानों में उलझी कांग्रेस

सिरमौर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विनय गुप्ता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हालिया बयान पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बार फिर अपनी पुरानी मानसिकता को उजागर कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रवैया हमेशा से एक जैसा रहा हैजब चुनाव परिणाम उनके पक्ष में आते हैं तो प्रक्रिया निष्पक्ष मानी जाती है, लेकिन हार मिलने पर वही प्रक्रिया सवालों के घेरे में ला दी जाती है। यह लोकतंत्र का नहीं, बल्कि हार की हताशा का प्रतीक है।
विनय गुप्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों ने विपक्ष की राजनीति को आईना दिखा दिया है। इन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को मिला जनसमर्थन यह दर्शाता है कि जनता अब भ्रम फैलाने वाली राजनीति से ऊपर उठकर विकास, स्थिरता और मजबूत नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि ये परिणाम केवल राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि जनता का स्पष्ट संदेश हैं कि देश अब जवाबदेही और सकारात्मक राजनीति चाहता है।
बंगाल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां का जनादेश लंबे समय से चली आ रही व्यवस्था के खिलाफ जनता के असंतोष को दर्शाता है। वहीं असम में लगातार मिल रहा समर्थन सुशासन और विकास की नीतियों पर जनता के विश्वास को मजबूत करता है। पुडुचेरी में भी भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता पार्टी के राष्ट्रीय विस्तार को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विनय गुप्ता ने कहा कि ईवीएम पर बार-बार सवाल उठाना चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक व्यवस्था दोनों का अपमान है। कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए, न कि हार के लिए बहाने तलाशने चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी जनता सरकार के कार्यों का आंकलन कर रही है और आने वाले समय में यहां भी जनमत में परिवर्तन साफ नजर आएगा।
पंचायत और नगर निकाय चुनावों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार को अब आगामी पंचायत और नगर निगम चुनावों के लिए तैयार रहना चाहिए और पहले से ही बहाने बनाना बंद करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस अब तक जिला परिषद उम्मीदवारों की सूची तक जारी नहीं कर पाई हैक्या यह उनकी संभावित हार की स्वीकृति है?
विनय गुप्ता ने बताया कि भाजपा ने जिला सिरमौर से 17 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है, जो सभी शिक्षित, अनुभवी और जनसेवा के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने इन सभी प्रत्याशियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि भाजपा पूरी मजबूती और संगठन के साथ चुनाव मैदान में उतर चुकी है।
अंत में उन्होंने कहा कि देश की राजनीति अब एक नए दौर में प्रवेश कर चुकी है, जहां पारदर्शिता, विकास और जनसेवा ही सफलता का आधार हैं। कांग्रेस को इस बदलाव को स्वीकार करना होगा, अन्यथा जनता उन्हें बार-बार नकारती रहेगी।

0
24 views
1 shares

Comment