logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय को मिले कुलसचिव व वित्त अधिकारी, सत्र 2026-27 से शुरू होंगे प्रवेश

शाहजहांपुर।
नवगठित स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय ने प्रशासनिक सुदृढ़ता की दिशा में अहम कदम बढ़ाते हुए कुलसचिव और वित्त अधिकारी की नियुक्ति कर दी है। मंगलवार को वीरेंद्र कुमार मौर्य ने कुलसचिव और दीपक कुमार रस्तोगी ने वित्त अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के प्रशासनिक ढांचे की औपचारिक शुरुआत हो गई है।

वीरेंद्र कुमार मौर्य इससे पहले चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में परीक्षा नियंत्रक के पद पर कार्यरत थे। उच्च शिक्षा अनुभाग द्वारा 24 अप्रैल को जारी आदेश के तहत उन्हें यहां कुलसचिव बनाया गया है। वहीं, दीपक कुमार रस्तोगी वर्तमान में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में वित्त नियंत्रक के पद पर कार्यरत हैं और उन्हें विश्वविद्यालय में वित्त अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती और सचिव प्रो. अवनीश मिश्र ने दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय तेजी से विकास करेगा। इस मौके पर प्रो. अनुराग अग्रवाल, डॉ. आलोक कुमार सिंह, प्रो. कमलेश गौतम और प्रो. आलोक मिश्र सहित अन्य शिक्षकों व कर्मचारियों ने भी खुशी जाहिर की।

कुलसचिव ने कहा कि प्रशासनिक ढांचे के गठन के साथ ही विश्वविद्यालय अब अपने पूर्ण स्वरूप की ओर तेजी से बढ़ेगा। सत्र 2026-27 से विश्वविद्यालय और इसके संबद्ध महाविद्यालयों में विधिवत प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शासन के निर्देशों के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने शाहजहांपुर में उच्च शिक्षा को नई दिशा देने के उद्देश्य से स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की स्थापना की है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे क्षेत्र में शिक्षा के नए अवसर सृजित होंगे और संस्थागत विकास को गति मिलेगी।

0
57 views

Comment