शिक्षामित्रों को बड़ी राहत: मानदेय बढ़ाकर 18 हजार, अनुदेशकों को 17 हजारशाहजहांपुर में सम्मान समारोह, वित्त मंत्री बोलेआगे भी जारी रहेगी वृद्धि
शाहजहांपुर।
जिले में शिक्षामित्रों के मानदेय वृद्धि को लेकर गन्ना शोध संस्थान में मंगलवार को भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान करीब 300 शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन भी देखा।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शिक्षामित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने उनका मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया है, जबकि अनुदेशकों को 17 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी मानदेय वृद्धि की प्रक्रिया जारी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से शिक्षामित्रों को चेक भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में शिक्षामित्रों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को जिस विश्वास के साथ स्कूल भेजते हैं, उस विश्वास पर खरा उतरना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य संवारने और उन्हें आदर्श नागरिक बनाने में शिक्षामित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने शिक्षामित्रों को उनके नजदीकी विद्यालय में तैनाती का अवसर देने का निर्णय लिया है। साथ ही, उनके लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में मौजूद शिक्षामित्रों ने मानदेय वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।