सदिया में खिला 'कमल', बलिन चेतिया की प्रचंड जीत
सैखोवाघाट :-८१ नंबर सदिया विधानसभा क्षेत्र के चुनावी परिणामों ने यह साफ कर दिया है कि जनता का भरोसा एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर अडिग है। बीजेपी के दिग्गज उम्मीदवार बलिन चेतिया ने विपक्षी खेमे को पूरी तरह पछाड़ते हुए एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।बलिन चेतिया को कुल 97,087 वोट मिले, जो उनकी मजबूत जमीन और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता का प्रमाण है।असम जातीय परिषद (AJP) के जगदीश भुइयां को मात्र 55,338 वोटों से संतोष करना पड़ा। चेतिया ने उन्हें 41,749 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी है।
चुनाव में उतरे तीनों निर्दलीय उम्मीदवार (अब्राहम तिर्की, दिलीप बुढ़ागोहाईं और ललित देवरी) अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में असफल रहे। तीनों को मिलाकर भी कुल वोट 5,000 के आंकड़े को नहीं छू सके।
दिलचस्प बात यह है कि 2,645 मतदाताओं ने 'नोटा' (None of the Above) का बटन दबाकर अपना विरोध जताया, जो कि तीनों निर्दलीय उम्मीदवारों को व्यक्तिगत रूप से मिले वोटों से कहीं अधिक है।यह जीत न केवल बोलिन चेटिया की व्यक्तिगत जीत है, बल्कि सदिया क्षेत्र में सरकार की नीतियों पर जनता की मुहर भी है। जगदीश भुइयां की हार 'अजाप' जैसी नई क्षेत्रीय पार्टियों के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है।