रिश्तेदारी में आई किशोरी की यमुना में डूबकर मौत गोद भराई की खुशियां मातम में बदलीं
खखरेरू, फतेहपुर । थाना क्षेत्र के कोट मजरे चंदनमऊ गांव में एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। किशोरी अपने मामा के घर गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कौशाम्बी जनपद के पुनवार गांव निवासी अंजू कुमारी (15) पुत्री फूलचंद्र सोनकर अपने परिजनों के साथ मामा रमेश सोनकर के घर आई थी। जहां वह सहेलियों के साथ गांव के पास बह रही यमुना नदी में नहाने गई थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। सहेलियों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी को बाहर निकाला गया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन परिजन जब उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों के मुताबिक अंजू चार बहनों में दूसरे नंबर पर थी। बड़ी बहन पूनम और अंजलि हैं, जबकि परिवार में दो भाई मितलेश कुमार और अमित भी हैं। इस हादसे से जहां घर में खुशियों का माहौल था, वहीं अब मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।