logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

5 करोड़ की फिरौती ना देने पर पूर्व सरपंच पर हमला...हाईवे पर रोकी गाड़ी.....

5 करोड़ की फिरौती ना देने पर पूर्व सरपंच पर हमला...
हाईवे पर रोकी गाड़ी, पोती को छीनने की कोशिश
हरियाणा में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे के पास मोहड़ा फाटक के नजदीक बदमाशों ने एक चलती टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी को घेरकर हमला कर दिया। गाड़ी में करनाल के गांव माखूमाजरा निवासी पूर्व सरपंच रणधीर सिंह अपने परिवार के साथ सवार थे।

शिकायत के अनुसार, 3 मई की शाम रणधीर सिंह अपने परिवार के साथ गांव इस्माइलपुर से लौट रहे थे। करीब 6 बजे जैसे ही वे मोहड़ा फाटक के पास पहुंचे, फाटक बंद होने के कारण उन्होंने गाड़ी वापस मोड़ी। इसी दौरान निर्मल सिंह के फार्म के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी कार को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया।

रणधीर सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो से 5-6 युवक उतरे और उसी समय एक बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। बदमाशों ने गाड़ी के दरवाजे खोलने की कोशिश की, लेकिन लॉक होने के कारण जब वे सफल नहीं हुए तो लोहे की रॉड से गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और अंदर बैठे परिवार पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान दो युवक पिस्तौल लेकर खड़े रहे और लगातार धमकियां देते रहे। आरोप है कि बदमाशों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी और रणधीर सिंह की पोती को छीनने की भी कोशिश की, हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो सके।

घटना के दौरान सड़क पर लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी, जिसके बाद भीड़ जुटती देख हमलावर मौके से फरार हो गए। जाते-जाते बदमाशों ने धमकी दी कि मांगी गई रकम नहीं दी तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे।

पीड़ित के अनुसार, एक आरोपी रमेश लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहा है और उस पर हत्या व फिरौती के मामले दर्ज हैं। रणधीर सिंह का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों में आरोपी उनसे करीब साढ़े तीन से चार करोड़ रुपये तक वसूल चुका है और अब 5 करोड़ रुपये की और मांग कर रहा था।

उन्होंने यह भी बताया कि बदमाशों ने उनके करनाल स्थित प्रॉपर्टी डीलर ऑफिस पर भी कब्जा जमा लिया था, जिसे प्रशासन की मदद से खाली करवाया गया था। इसके बाद से ही उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार दहशत में है और पुलिस से सुरक्षा की मांग कर रहा है।

0
0 views

Comment