logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कोल्हुई चौराहे पर हाईवोल्टेज ड्रामा: महिला के हंगामे से घंटों ठप रहा यातायात, पुलिस के छूटे पसीने

महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र स्थित कोल्हुई चौराहे पर सोमवार शाम 6 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने बीच चौराहे पर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के कारण पूरे इलाके में भारी भीड़ जुट गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति को संभालने में पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अचानक चौराहे के बीच पहुंची और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। इस दौरान वह राहगीरों से उलझती रही, किसी की कॉलर पकड़ ली तो किसी के सामने सड़क पर लेट गई। इतना ही नहीं, महिला ने कई वाहनों को रोकने की कोशिश की और एक चार पहिया वाहन के बोनट पर चढ़कर उसकी छत पर खड़ी होकर जोर-जोर से नारेबाजी करने लगी।
महिला के इस अप्रत्याशित व्यवहार से चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को शांत कराने का प्रयास करती रही, लेकिन वह लगातार पुलिसकर्मियों से उक्त महिला उलझती रही।
स्थिति बिगड़ती देख महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। थाना प्रभारी के मौके पर पहुंचने के बाद महिला वहां से भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और काबू में कर लिया। इसके बाद पुलिस उसे चौराहे से हटाकर अपने साथ ले गई, तब जाकर यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक संबंधित महिला मोहनापुर क्षेत्र के आसपास की रहने वाली बताई जा रही है। चर्चा है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जिसके चलते वह घर से निकलकर कोल्हुई चौराहे तक पहुंच गई और हंगामा करने लगी।
फिलहाल पुलिस महिला की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने में जुटी है। घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

0
57 views

Comment