पढ़ावली ग्राम पंचायत में अमृत सरोवर ने बदली तस्वीर
पढ़ावली ग्राम पंचायत : मनरेगा योजना के तहत बने अमृत सरोवर तालाब ने ग्राम पंचायत पढ़ावली की पारिस्थितिकी और जीवनशैली में महत्वपूर्ण बदलाव लाया है। इस तालाब के बनने से सूखे की समस्या दूर हुई है, भू-जल स्तर बढ़ा है और खेतों में नमी लौट आई है। इससे किसानों के चेहरे पर फिर से उम्मीद जगी है और क्षेत्र में हरियाली फैल गई है।
बटेश्वर मंदिर समूह के पास स्थित यह तालाब अब केवल जलाशय नहीं है, बल्कि वन्य जीवों के लिए स्थायी जल स्रोत और जलीय जीवों का आवास बन चुका है। यहां पक्षियों की चहचहाहट गूंजती है और पारिस्थितिकी तंत्र संतुलित हुआ है। यह तालाब ग्रामीण विकास, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बन गया है, जो सामूहिक प्रयास की सफलता को दर्शाता है।