विकासनगर धर्मावाला चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से जाम
विकासनगर (देहरादून): जनपद के विकासनगर क्षेत्र में धर्मावाला पुलिस चौकी के पास स्थित मुख्य चौराहा ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण अराजकता और जाम का केंद्र बन चुका है। कुंजा मार्ग, प्रतीतपुर, सहारनपुर और हरबर्टपुर-विकासनगर की ओर से भारी ट्रैफिक के दबाव के बावजूद ई-रिक्शा चालक अपने वाहनों को इस तरह खड़ा करते हैं कि आने-जाने वाले वाहनों की रुकावट होती है। इसके कारण जाम लगने के साथ भीषण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यदि कोई दुकानदार चालकों को सही तरीके से वाहन खड़ा करने की नसीहत देता है तो वे अभद्र और गाली-गलौज करते हैं। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन और आरटीओ विभाग इस समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। स्थानीय लोग पुलिस और आरटीओ से मांग कर रहे हैं कि ई-रिक्शा के लिए एक निश्चित खड़ा करने का स्थान तय किया जाए और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए ताकि जनता को रोजाना जाम और मानसिक व शारीरिक कष्ट से छुटकारा मिल सके।