logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

*विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में रेडक्रॉस सप्ताह के अंतर्गत भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*

उमरिया । विश्व रेडक्रॉस दिवस (08 मई 2026) के उपलक्ष्य में 02 मई से 08 मई 2026 तक मनाए जा रहे रेडक्रॉस सप्ताह के अंतर्गत आज पीएम श्री रणविजय कॉलेज, उमरिया में एक भव्य एवं प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को मानवता, सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों से जोड़ते हुए उन्हें समाज सेवा के कार्यों के प्रति प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम में जन अभियान परिषद द्वारा संचालित कक्षाओं में अध्ययनरत सामाजिक कार्य (सोशल वर्क) के स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की स्थापना, उद्देश्य, सिद्धांतों एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही वर्ष 2026 की थीम United in Humanity (मानवता में एकजुटता) के महत्व को समझाते हुए बताया गया कि रेडक्रॉस संगठन किस प्रकार वैश्विक स्तर पर मानवता की सेवा, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, रक्तदान एवं राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई, जिसमें जनजागरूकता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, स्वच्छता अभियान, रक्तदान हेतु प्रेरणा, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण एवं अन्य सामाजिक सेवा गतिविधियां शामिल हैं। विद्यार्थियों को इन सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने हेतु प्रोत्साहित किया गया, ताकि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बन सकें।यह संपूर्ण कार्यक्रम भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, शाखा उमरिया के अध्यक्ष एवं कलेक्टर उमरिया श्रीमती राखी सहाय जी के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों को नई दिशा एवं गति प्राप्त हो रही है तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी शाखा उमरिया के सभापति श्री अखिलेश त्रिपाठी जी ने अपने उद्बोधन में रेडक्रॉस सोसायटी के इतिहास, उद्देश्य एवं विभिन्न मानवीय सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं सचिव श्री राकेश शर्मा जी ने रेडक्रॉस के मूलभूत सिद्धांतोंमानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता एवं सार्वभौमिकताके बारे में छात्र-छात्राओं को विस्तार से अवगत कराया और उन्हें इन सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी शाखा उमरिया के सदस्य श्री संतोष त्रिपाठी जी, श्री अनुराग तिवारी जी एवं श्री प्रिंस छंगवानी जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही जन अभियान परिषद के परामर्शदाता, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए युवाओं को समाज सेवा, सहयोग एवं मानवता के कार्यों में आगे आने के लिए प्रेरित किया।वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में जब समाज विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब रेडक्रॉस जैसे संगठन मानवता की सेवा के माध्यम से समाज को एकजुट करने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है, जिससे सेवा, सहयोग एवं सद्भावना की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया, जिसमें सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अंत में यह संदेश दिया गया कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर समाजहित में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।

6
517 views

Comment