ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में बाबा इंटरनेशनल स्कूल का जलवा, 6 स्वर्ण सहित 18 पदकों पर कब्जा
मीडिया प्रभारी: देव ठाकुर
बिल्सी। बाबा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने जिला ताइक्वांडो टूर्नामेंट चैंपियनशिप – बरेली 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक जीतकर जीत का परचम लहराया। गोल्डन गार्डन बैंक्वेट हॉल, बरेली में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपने साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास का बेहतरीन परिचय दिया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के 18 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 6 विद्यार्थियों ने स्वर्ण, 7 ने रजत और 5 ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। स्वर्ण पदक विजेताओं में गुंजन, अनिरुद्ध, प्रतीक, सिद्धार्थ, उर्वशी एवं दक्ष शामिल रहे। वहीं रजत पदक मनाली सरकार, अरस्तु सोलंकी, दीक्षा, हिमांशु प्रजापति, इशिका, अंशु व हर्ष ने हासिल किए। कांस्य पदक विजेताओं में वैभव, रिद्धि वार्ष्णेय, मान्या माहेश्वरी, हिमांशुनाथ व आकृति का नाम शामिल रहा।
सभी विजेताओं को उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव हरीश पाल, आईएमए बरेली के अध्यक्ष डॉ. अतुल श्रीवास्तव व अन्य अतिथियों द्वारा पदक पहनाकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। वहीं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि ताइक्वांडो जैसे खेल में सफलता विद्यार्थियों के शारीरिक व मानसिक संतुलन, अनुशासन और आत्मरक्षा कौशल को दर्शाती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, समाज और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी, ताइक्वांडो कोच प्रज्ञा मिश्रा, पीटीआई विकास कुमार, नमिता शाक्य सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। संवाद