जौनपुर में दुलहन के पहचान वाले ने दूल्हे को गोली मार कर की हत्या
जौनपुर में शुक्रवार की देर शाम एक सनसनीखेज वारदात में बारात लेकर जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती तौर पर परिजन इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश बता रहे थे, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, यह हत्या किसी पुरानी दुश्मनी का परिणाम नहीं बल्कि शादी से जुड़े व्यक्तिगत विवाद का नतीजा है। दुल्हन के परिचित एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी आजाद पुत्र रामलखन अपनी बारात लेकर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव जा रहा था। इसी दौरान दुल्हन का एक रिश्तेदार प्रदीप बिंद इस शादी से नाराज था।
आरोप है कि प्रदीप बिंद ने अपने साथी रवि यादव के साथ मिलकर दूल्हे की कार को रास्ते में रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। #jaunpurnews #journalistrajan