कर्नाटक के 6000 कॉयर उत्पाद जयपुर के लिए रवाना, मुख्य सचिव ने दिखाई हरी झंडी
बेंगलुरु(दलपतसिंह भायल)कर्नाटक राज्य कॉयर विकास निगम लिमिटेड की ओर से ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित 6000 कॉयर चटाइयों एवं अन्य उत्पादों को शुक्रवार को जयपुर के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर कर्नाटक सरकार की मुख्य सचिव Dr.शालिनी रजनीश ने विधान सभा की भव्य सीढ़ियों के समक्ष ध्वजारोहण कर खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में नटराज जानकीराम ने कहा कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, कॉयर उद्योग के विस्तार तथा पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए इन उत्पादों को देशभर में सराहना मिल रही है।
मुख्य सचिव डॉ. शालिनी रजनीश ने इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं के कौशल और आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए कहा कि कर्नाटक सरकार महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और हरित उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्यरत है।
इस कार्यक्रम में निगम के अधिकारी, कर्मचारी, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और कर्नाटक के कॉयर उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक नई शुरुआत की।