चंदौली। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की धीमी प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी सख्त, 15 दिनों में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश।
चंदौली। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को हर हाल में तय समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।
विकास भवन के सभागार में आयोजित इस बैठक में जिला स्तर के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए सीडीओ ने कहा कि ओडीएफ प्लस के तहत ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाए। विशेष रूप से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शौचालय निर्माण एवं उनके संचालन की प्रगति में सुधार लाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में प्रगति संतोषजनक नहीं है, वहां संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण और उपयोग की स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान ‘मेरे तालाब-मेरे गांव’ अभियान के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में तालाबों की सफाई और उनमें जमा गंदे पानी के उचित निस्तारण के निर्देश दिए गए, ताकि स्वच्छता के साथ जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके।
इसके अलावा सीडीओ ने स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े सहायकों का मानदेय समय से भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करते हुए अगले 15 दिनों में सभी बिंदुओं पर ठोस प्रगति दिखनी चाहिए।
बैठक में पीडी डीआरडीए बीबी सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए जनपद में स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
वहीं, जनपदवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। जहां गर्मी के मौसम में जल स्तर गिरने से हैंडपंप काम नहीं कर रहे हैं, ऐसे स्थानों का चिन्हांकन कर वहां बोरवेल और टैंकर के माध्यम से पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।