फिर हुई छिनतई, लूटपाट और छिनतई से लोगों में भय व्याप्त
अपराधी बेखौफ, दर्जनों घटनाओं के बावजूद एक भी गिरफ्तारी नहीं
बरही । क्षेत्र में छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला गुरुवार सुबह का है, जब मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से अज्ञात बाइक सवार दो युवकों ने सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरही थाना क्षेत्र के गया रोड निवासी कलावती देवी (पति स्व. महादेव राणा) सुबह करीब 5 बजे टहलने निकली थीं। इसी दौरान पास पहुंचे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई और पूरी जानकारी पुलिस को दी। पीड़िता के अनुसार घटना अचानक हुई, जिससे वह कुछ समझ ही नहीं पाईं। पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और छीनी गई चेन की बरामदगी की मांग की है।
इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं के बावजूद अब तक एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरही क्षेत्र में पिछले कुछ समय से छिनतई व लूटपाट की कई घटनाएं हो चुकी हैं । जिसमे किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।