logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर पुलिस का विशेष अभियान: मौके पर पहुंचकर 25 शिकायतों का निस्तारण

शाहजहांपुर। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को जिले में 25 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया गया। पुलिस की इस पहल से शिकायतकर्ताओं को काफी राहत मिली है।

अभियान के तहत आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसकी निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक नगर व ग्रामीण स्तर पर पर्यवेक्षण कर रहे हैं।

निर्देशों के अनुसार जिले के सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान पर और थाना प्रभारी दो स्थानों पर पहुंचकर शिकायतों का समाधान कर रहे हैं। इसी क्रम में 30 अप्रैल को सभी थानों में प्राप्त शिकायतों में से 25 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

पुलिस की इस व्यवस्था से अब शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस टीम स्वयं शिकायतकर्ता के घर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर रही है और दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान कर रही है। साथ ही, शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर उसकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे आमजन को त्वरित और निष्पक्ष न्याय मिल सके।

1
0 views

Comment