बोलेरो की टक्कर से प्रधान के भाई की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार
शाहजहांपुर।
जिले के पुवायां क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कप्तान सिंह 33 वर्ष के रूप में हुई है, जो मजीदपुर ग्राम प्रधान मंगू के भाई थे। घटना के बाद चालक बोलेरो छोड़कर मौके से फरार हो गया।
कप्तान सिंह रात किसी काम से कस्बे गए थे। रात लगभग 11 बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह भटपुरा चंदू ओवरब्रिज के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कप्तान सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरार बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि कप्तान सिंह खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी नीलेश, पांच वर्षीय बेटा सार्थक और एक वर्षीय बेटी बिट्टू हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।