NEWS : जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने एचपीवी टीकाकरण के लिए अभिभावकों से की अपील, बोली- सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेटियों को दिलाएं सुरक्षा कवच
चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने जिले के अभिभावकों से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण करवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर एवं जानलेवा बीमारी है, जिससे एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से प्रभावी बचाव संभव है।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि जिला कलक्टर होने के साथ-साथ एक स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में उन्होंने अपने चिकित्सा अनुभव के दौरान सर्वाइकल कैंसर के गंभीर प्रभावों को करीब से देखा है। उन्होंने बताया कि भारत में महिलाओं में होने वाला यह दूसरा सबसे आम कैंसर है, लेकिन समय रहते एचपीवी वैक्सीनेशन के जरिए इससे बचाव किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जिले में संचालित एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के तहत अब तक 1050 बालिकाओं को टीके लगाए जा चुके हैं, जो समाज में बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है। यह टीका जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने एचपीवी टीकाकरण के लिए अभिभावकों से की अपील, बोली- सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेटियों को दिलाएं सुरक्षा कवच, पढ़े रेखा खाबिया की खबर डॉ. मंजू ने कहा कि बाजार में इस टीके की कीमत लगभग 4000 से 5000 रुपये प्रति डोज है, लेकिन राज्य सरकार द्वारा बेटियों के सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि यह टीका 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को लगाया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि किसी भी भ्रांति या संकोच में न रहें तथा अपनी बेटियों को यह सुरक्षा कवच अवश्य दिलवाएं।
उन्होंने कहा कि आज लिया गया एक जागरूक निर्णय भविष्य में बेटियों को गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही आमजन से आह्वान किया कि सभी मिलकर चित्तौड़गढ़ की बेटियों को स्वस्थ, सुरक्षित एवं सर्वाइकल कैंसर मुक्त भविष्य देने में सहयोग करें।