जुए की लत में गंवाए 30 लाख, फिर बना चोर… AC रिपेयरिंग के बहाने रेकी कर सूने मकानों को बनाता था निशाना
बिलासपुर। शहर में सूने मकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 45.84 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है, साथ ही उसके खिलाफ दर्ज 8 मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से अलग-अलग कॉलोनियों में बंद मकानों को निशाना बना रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ACCU और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान शहरभर के सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले गए और लोकल इनपुट के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।
AC रिपेयरिंग के बहाने करता था रेकी
गिरफ्तार आरोपी सूरज काछी मूलतः गौरेला का रहने वाला है, जो बिलासपुर के मंगला क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। वह AC और इलेक्ट्रॉनिक सामान रिपेयरिंग का काम करने के दौरान कॉलोनियों की रेकी करता था और रात में सूने मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। CCTV और पुलिस से बचने के लिए वह अलग-अलग ट्रिक अपनाता था।
ऑनलाइन जुए की लत में बना चोर
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन जुए का आदी था और करीब 30 लाख रुपये जुए में हार चुका है। इसी लत को पूरा करने के लिए उसने चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू किया।
चोरी के सोना-चांदी समेत लाखों के सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से 252 ग्राम सोना, 1 किलो से अधिक चांदी, स्कूटी और मोटरसाइकिल, तथा घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत 45.84 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज 2025-26 के कई चोरी के मामलों को कबूल किया है, जिनमें अलग-अलग कॉलोनियों में की गई वारदातें शामिल हैं।