सामूहिक विवाह महोत्सव में सजी मेहंदी-संगीत की रंगत, आज होंगी वैदिक विधि से शादियां।
कोटा। सामाजिक सरोकारों की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए आध्या सेवार्थ फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रथम सनाढ्य आदिगौड़ सामूहिक निःशुल्क कन्या विवाह महोत्सव का शुभारंभ 30 अप्रैल को हर्षोल्लास के साथ हुआ। दो दिवसीय इस आयोजन में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सभी वैवाहिक रस्में संपन्न की जा रही हैं।
संस्था के मुख्य संयोजक लोकेश शर्मा ने बताया कि गुरुवार को आयोजित हल्दी-मेहंदी एवं संगीत कार्यक्रम में उत्सव का माहौल देखते ही बन रहा था। दुल्हनों के हाथों में सजी मेहंदी की गहरी रंगत और उसमें रचा अपने जीवनसाथी का नाम, उनके चेहरे की मुस्कान को और भी खास बना रहा था। कोषाध्यक्ष प्रियांशु शर्मा ने बताया कि परिजनों और सखियों ने पारंपरिक गीतों पर झूमकर माहौल को उल्लासमय बना दिया। ढोलक की थाप पर गूंजते मंगल गीतों के बीच दुल्हनें और परिजन खुशी से सराबोर नजर आए। संगीत संध्या में रंग-बिरंगे परिधानों में सजे युवक-युवतियों ने नृत्य प्रस्तुत कर आयोजन में चार चांद लगा दिए
एवं अध्यक्ष शालू शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में 8 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न होगा। 1 मई को प्रातः 8 बजे निकासी, 10 बजे तोरण, 11 बजे आशीर्वाद समारोह, दोपहर 1 बजे पाणिग्रहण संस्कार तथा 3 बजे विदाई समारोह आयोजित होंगे।
इस अवसर पर ओमप्रकाश टंकारिया, रामस्वरूप शर्मा, प्रेम शास्त्री, मनीष तिवारी, भीष्म कुमार शर्मा, गजेन्द्र जोशी, प्रमोद शर्मा, महावीर पंचोली, विजय भारद्वाज, रघुवर दयाल शर्मा, जितेंद्र शर्मा, सतीश शर्मा, प्रियांशु शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।