logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पकरैल में संत सद्‌गुरु महर्षि मेंही परमहंस जी की 142 वाँ पावन जयन्ती बड़े धूम-धाम से मनाई ग‌यी



|| सत्संग,सदाचार तथा मानव सेवा से ही जन कल्याण संभव -साध्वी अर्चना दीदी ||



AIMA मीडिया न्यूज, खगड़िया (बिहार)

संवाददाता : मनोज कुमार शर्मा

खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड अंतर्गत महेशखुंट थाना क्षेत्र के शिरनियाँ टोला, पकरैल स्थित महर्षि मेंही आश्रम में संत सदगुरु महर्षि मेंही परमहंस जी की 142वीं पावन जयंती बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सुबह छह बजे आश्रम के आचार्य श्रद्धेय प्रमोद बाबा के नेतृत्व में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।

इस शोभा यात्रा में बूढ़े, बच्चे, युवा, महिला-पुरुष सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और गुरु महाराज के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा शिरनियाँ टोला स्थित आश्रम से प्रारंभ होकर पटेल नगर, चन्द्रवंशी टोला, घनश्याम नगर, जगदेव मुनि टोला, बदिया, गांधी चौक पकरैल, उदयपुर, विन्दटोली, विद्यार्थी टोला एवं शादीपुर होते हुए पुनः आश्रम पहुंचकर सम्पन्न हुई। बैनर-झंडा, गाजे-बाजे और सजी-धजी छोटी-बड़ी गाड़ियों के साथ निकली इस भव्य झांकी ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

जयंती के अवसर पर आयोजित सत्संग में मधेपुरा की प्रसिद्ध कथावाचक साध्वी अर्चना दीदी ने अपने प्रेरणादायी प्रवचन में कहा कि सत्संग, सदाचार और मानव सेवा ही सच्चे अर्थों में जन कल्याण का मार्ग है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में पाँच पापों से बचते हुए गुरु की आज्ञा का पालन करना चाहिए और सत्संग, ध्यान, सदाचार, शिष्टाचार एवं सुच्चाचार अपनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सच्चा ज्ञान गुरु के बिना प्राप्त नहीं हो सकता।

कार्यक्रम में सत्संग समिति के संचालक राजेश कुमार सिंह ने गुरु महाराज की जीवनी, उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।

इस मौके पर काजल, सोनम, गुरुमति एवं ममता ने सामूहिक रूप से भक्ति भजनों की सुंदर प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने संत सदगुरु महर्षि मेंही के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम में प्रमुख प्रहलाद साह, अध्यक्ष नारायण कुमार सुमन, कोषाध्यक्ष गोपाल कुमार पटेल, सचिव सत्यनारायण यादव, महेंद्र यादव, पवन साह, अरविंद साह, नितीश कुमार, रौशन कुमार, डॉ. राहुल कुमार, प्रमोद सिंह, कृष्णदेव सिंह, देवन सिंह,पवन साह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में महाभंडारा का आयोजन कर हजारों भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस पुनीत कार्य में अमोद शर्मा, पोपल यादव, सागर यादव सहित कई लोगों ने श्रद्धापूर्वक सहयोग प्रदान किया।

पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां सत्संग के माध्यम से समाज को नैतिकता और सेवा का संदेश दिया गया।

1
93 views

Comment