श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व पर एम.आर.पी.डी राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ा में निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित
तलवाड़ा-होशियारपुर, 29 अप्रैल ( अर्श ) : श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में एम.आर.पी.डी राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ा में विद्यार्थियों के भीतर सामाजिक समानता, मानवता और भाईचारे के मूल्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उच्च शिक्षा विभाग, पंजाब के माननीय डायरेक्टर के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजीव खोसला के कुशल मार्गदर्शन तथा पंजाबी विभाग की अध्यक्ष प्रो. रूपाली वर्मा की देख-रेख में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता का विषय “गुरु रविदास जी की बाणी और बराबरी” रखा गया था, जिसमें विद्यार्थियों ने बड़ी उत्सुकता और गंभीरता के साथ भाग लेते हुए गुरु रविदास जी की शिक्षाओं, मानव समानता, जाति-पाति के विरोध तथा समाज में प्रेम और सद्भाव के संदेश को अपने विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों में गुरु रविदास जी की वाणी की प्रासंगिकता और आधुनिक समाज में उनके विचारों की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस प्रतियोगिता में एम.ए पंजाबी भाग-द्वितीय की छात्रा अंजलि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं एम.ए पंजाबी भाग-प्रथम की छात्रा नैन्सी ने द्वितीय तथा छात्रा ज्योति ने तृतीय स्थान हासिल कर कॉलेज का नाम गौरवान्वित किया। विजेता विद्यार्थियों को कॉलेज प्रशासन की ओर से बधाई दी गई एवं सर्टिफिकेट देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
प्रतियोगिता के दौरान प्रो. रूपाली वर्मा, प्रो. सुषमा कुमारी तथा प्रो. रणजीत सिंह ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों के लेखन कौशल, विषय की समझ और प्रस्तुति का मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजीव खोसला ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पंजाबी विभाग की ओर से भी विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की गई ... अजय कुमार अर्श
विजेता मेधावी छात्राओं को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित करते हुए प्रिंसिपल डॉ. राजीव खोसला एवं स्टाफ सदस्य